खैरागढ़। शासन द्वारा भूमि पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष खैरागढ़ में “रजिस्ट्री में 10 क्रांतियां” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि शासन में पारदर्शिता लाई जाए और जनसेवाओं को डिजिटल माध्यम से सहज बनाया जाए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने रजिस्ट्री और नामांतरण से जुड़ी जटिलताओं को खत्म करने के लिए यह पहल की है।
अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
मंत्री ने कहा कि रजिस्ट्री के साथ-साथ अब नामांतरण भी स्वतः हो जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बार-बार राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने इसे आमजन, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत बताया।
सांसद बोले: यह सिर्फ कार्यशाला नहीं, परिवर्तन की शुरुआत है
इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि कार्यशालाएं केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि बदलाव की शुरुआत होती हैं। उन्होंने “रजिस्ट्री में 10 क्रांतियों” को जनहित में ऐतिहासिक पहल बताया और कहा कि इससे सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
रजिस्ट्री की 10 क्रांतियां – जानिए क्या होंगे बड़े बदलाव
- फर्जी रजिस्ट्री पर रोक: पंजीयन अब आधार बायोमेट्रिक से ही संभव।
- ऑनलाइन रजिस्ट्री खोज: खसरा नंबर से जमीन की पुरानी रजिस्ट्री और लेनदेन की जानकारी।
- ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाणपत्र: संपत्ति पर ऋण या बंधक की स्थिति ऑनलाइन जान सकेंगे।
- कैशलेस भुगतान सुविधा: स्टाम्प और रजिस्ट्री शुल्क अब एक साथ ऑनलाइन जमा होंगे।
- व्हाट्सएप सर्विस: अपॉइंटमेंट से लेकर दस्तावेज तक की पूरी जानकारी व्हाट्सएप पर।
- डिजिलॉकर सुविधा: दस्तावेज डिजिटल फॉर्मेट में स्टोर होंगे।
- पेपरलेस दस्तावेज निर्माण: ऑनलाइन विवरण भरते ही दस्तावेज स्वतः तैयार।
- डिजीडॉक सेवा: किरायानामा, अनुबंध जैसे दस्तावेज घर बैठे तैयार।
- घर बैठे रजिस्ट्री: अब 10 प्रकार के दस्तावेजों की रजिस्ट्री ऑनलाइन।
- स्वतः नामांतरण: रजिस्ट्री के बाद नामांतरण की प्रक्रिया स्वतः पूर्ण।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने बताया कि इन क्रांतिकारी सुधारों की शुरुआत 3 मई को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा और पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की उपस्थिति में की गई थी।
इस कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सदस्य ललित चोपड़ा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी व मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

