रायपुर। शहर की पुरानी बस्ती थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल एसेसरी शॉप से चोरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 32,960 रुपये कीमती तीन ईयरबड्स और एक एप्पल फोन कवर बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 15 मई 2025 को रायपुर स्थित एक प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक शॉप में दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता युगल किशोर साहू (40), निवासी भिलाई (हाल निवासी भाटागांव, रायपुर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक संदिग्ध युवक सफेद हाफ टी-शर्ट और नीली जींस में शॉप में घुसा और ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मोबाइल एसेसरी सेक्शन में संदिग्ध हरकतें करता दिखा।
शॉप के सफाईकर्मी की सूचना पर जब सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया, तो युवक को लोहे की रॉड से सिक्योरिटी टैग तोड़कर महंगे ईयरबड्स और फोन कवर चुराते हुए देखा गया। मिलान के दौरान पता चला कि कुल 32,960 रुपये का माल चोरी हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 203/2025 धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद मुखबिरों को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रिस पड़वार (उम्र 18 वर्ष 4 माह) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अवंती विहार, विजय नगर, रायपुर में किराए पर रह रहा था और मूलतः कोरिया जिले के चिरमिरी का निवासी है।
जब्त सामान:
ईयरबड्स: 3 डिब्बे (कीमत: ₹26,970)
एप्पल फोन कवर: 1 नग (कीमत: ₹5,990)
कुल बरामदगी: ₹32,960
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन और एएसपी दौलत राम पोर्ते, लखन पटले व सीएसपी राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को 20 मई को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने साफ किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

