छत्तीसगढ़ में राज्य का पहला ट्राइबल म्यूजियम लोकार्पित
रायपुर, 14 मई 2025 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले भव्य ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन किया। 10 एकड़ में बने इस संग्रहालय में राज्य की 43 जनजातियों की संस्कृति, जीवनशैली, परंपराएं, वेशभूषा, लोककला, वाद्ययंत्र और विशेष तकनीकों को 14 गैलरियों में प्रस्तुत किया गया है। डिजिटल तकनीक व एआई का भी उपयोग किया गया है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय शोध, पर्यटन और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर ‘प्रयास’ के 112 सफल छात्रों को सम्मानित किया गया और 300 नवचयनित छात्रावास अधीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

