आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने श्रमिकों से किया संवाद, एनएमएमएस ऐप से दर्ज की उपस्थिति
बेमेतरा। वीबी-जी राम जी योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने, समय पर मजदूरी भुगतान और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धार-अपार अभियान के तहत नदी किनारे जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्यों का जायजा लिया और 138 श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कर पारदर्शिता पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
ग्राम पंचायत ताला में आंगनबाड़ी भवन, चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण तथा बाबामोहतरा में ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों से चर्चा कर रोजगार व आजीविका संवर्धन के कार्यों की जानकारी ली। जेवरा (एन) में 26 एकड़ में किए गए फलदार वृक्षारोपण का निरीक्षण कर इसे ग्रामीणों की आय बढ़ाने में उपयोगी बताया।
ऐप से मापा भूजल स्तर
ग्राम पंचायत कठिया में पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के जरिए कुएं के जलस्तर मापन की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं जलस्तर की रीडिंग लेकर ऐप में अपलोड की। इससे मानसून के बाद भूजल की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर सिन्हा ने अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को रोजगार से जोड़ने, मजदूरी भुगतान समय पर करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

