पेट्रोल पंप में आगजनी की बड़ी घटना टली
रायपुर। थाना उरला क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर 18 फरवरी को हुई आगजनी की घटना में सूझबूझ दिखाकर बड़ी दुर्घटना टालने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मोटरसाइकिल सवार दो युवकों द्वारा पेट्रोल भरवाते समय लाइटर से टंकी में आग लगा देने से पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग पेट्रोल मशीन के नोजल तक पहुंच गई थी।
ऐसी आपात स्थिति में कर्मचारी चुड़ामणी देवांगन ने फायर एक्सटिंग्यूशर से तत्काल आग बुझाई, जबकि जितेन्द्र गिरी गोस्वामी ने सहयोग कर आग को फैलने से रोका। उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
इस साहसिक कार्य पर रायपुर पुलिस के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने दोनों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

