माओवादी समर्थक को बनाया प्रत्याशी, कांग्रेस पर भड़के संतोष पांडेय

रायपुर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति पद के लिए माओवादी विचारधारा से प्रेरित सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाकर देश की सुरक्षा और लोकतंत्र का अपमान किया है।

प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में पांडेय ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि बघेल खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हैं। उन्होंने कहा कि सलवा जुडूम के खिलाफ रेड्डी का फैसला बस्तर विरोधी था और नक्सलियों को समर्थन जैसा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नक्सली हिंसा के पीड़ित आदिवासियों की बजाय माओवादियों के साथ खड़ी दिख रही है। पत्रकार वार्ता में हेमंत पाणिग्रही और नलिनीश ठोकने भी मौजूद थे।