मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – पंचायती राज संस्थाएं हैं ग्रामीण विकास की रीढ़

रायपुर, – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने जनसेवा की भावना, इच्छाशक्ति और नियमित प्रवास के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक व्यक्ति भी बदलाव की दिशा तय कर सकता है। अपने संघर्षपूर्ण जीवन और जनसेवा के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों – डॉ. अच्युत सामंत और नानाजी देशमुख के कार्यों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बस्तर के मुलेर गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पंचायती राज की प्रक्रियाओं को भलीभांति समझने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी जनप्रतिनिधियों से पंचायती राज कानूनों की जानकारी और ग्राम विकास की वैकल्पिक संभावनाओं पर ध्यान देने को कहा।

कार्यक्रम में पेसा गाइडलाइन, पंचायत उपबंध मार्गदर्शिका, पंचमन पत्रिका और अध्ययन सामग्री का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया।