नगर निगम मुख्यालय में ऊपरी मंजिल का पाइप फटा, जल आपूर्ति बाधित, मरम्मत कार्य तेज़ी से जारी

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के महात्मा गांधी सदन (मुख्यालय भवन) में मंगलवार को अचानक तीसरी मंजिल के बाहरी हिस्से में पानी की पाइपलाइन फट गई, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने तत्परता से सुधार कार्य शुरू कराया है।

सूत्रों के अनुसार, पाइप की मरम्मत के लिए पहले टॉवर लोडर मशीन मंगाई गई, लेकिन पाइप की ऊंचाई अत्यधिक होने के कारण मशीन से कार्य संभव नहीं हो सका। इसके बाद जोन 4 के अधिकारियों के निर्देश पर ‘चैरी (चाल)’ बनाकर मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। कार्य के दौरान जल आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

निगम ने जानकारी दी है कि पाइपलाइन मरम्मत कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस दौरान पानी की असुविधा को देखते हुए सफाई कार्य बाल्टियों से जल आपूर्ति कर जारी रखा गया है, ताकि स्वच्छता पर कोई असर न पड़े।

जोन 4 के जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव और कार्यपालन अभियंता श्री शेखर सिंह स्वयं कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जिससे जल्द ही जल आपूर्ति सामान्य की जा सके।